जिला चिकित्सालय दमोह के पल्स पोलियो अभियान में एकलव्य विश्वविद्यालय का सराहनीय सहयोग
दमोह, 2 जुलाई। जिला चिकित्सालय दमोह द्वारा 28 से 30 जून तक संचालित पल्स पोलियो अभियान में एकलव्य विश्वविद्यालय के नर्सिंग एवं पैरामेडिकल विभाग के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अभियान के दौरान नर्सिंग एवं पैरामेडिकल विभाग के छात्र-छात्राओं ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मिलकर रेलवे स्टेशन, विभिन्न गांवों, सार्वजनिक स्थलों तथा घर-घर जाकर पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाई। साथ ही अभिभावकों को पोलियो उन्मूलन के महत्व एवं प्रत्येक बच्चे को समय पर पोलियो की खुराक पिलाने के प्रति जागरूक किया। विभाग के शिक्षक डॉ. महेश पटेल एवं डॉ. दिनेश कुशवाहा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने पूरे समर्पण और सेवा भावना के साथ अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
यह कार्यक्रम एकलव्य विश्वविद्यालय की कुलाधिपति डॉ. सुधा मलैया, प्रति कुलाधिपति श्रीमती पूजा मलैया एवं श्रीमती रति मलैया के निर्देशन में संपन्न हुआ। वहीं विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. पवन कुमार जैन एवं कुलसचिव डॉ. प्रफुल्ल शर्मा के नेतृत्व में नर्सिंग एवं पैरामेडिकल विभाग के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जिला चिकित्सालय के अधिकारियों ने एकलव्य विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े ऐसे अभियानों में शैक्षणिक संस्थानों की सहभागिता समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। इस अभियान के माध्यम से बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के साथ-साथ समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया गया। अभियान में विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन और सेवा भावना की सभी ने प्रशंसा की।
